दुद्धी, सोनभद्र। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और हरियाली को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से ‘पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ’ अभियान के अंतर्गत एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मझौली, दुद्धी स्थित आर .एन. नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं और प्रबंधन द्वारा आयोजित किया गया। जिसमें कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कुल 101 पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर कॉलेज की प्रधानाचार्य अमीना नसरीन ने उपस्थित सभी लोगों और छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए केवल पेड़ लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल करना भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने हर नागरिक से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में कॉलेज की नर्सिंग छात्राओं और स्टाफ ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए विभिन्न प्रकार के छायादार और फलदार पौधों का रोपण किया।कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के इस पुनीत कार्य में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस मौके पर आराधना गुप्ता, मंजू गुप्ता, शुभांगी अग्रहरी, अंजली एवं शीतल आदि मौजूद रही।
