ऊँचाहार (रायबरेली)। जनपद रायबरेली की जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका (आईएएस) एवं जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत एनटीपीसी ऊँचाहार के सहयोग तथा ग्राम पंचायत ऊँचाहार देहात के प्रधान धनराज यादव के प्रयासों से एनटीपीसी गेट नंबर-2 के बाहर सड़क किनारे लंबे समय से डंप पड़े कूड़े के ढेर को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया।

बरसात के मौसम से पहले की गई इस कार्रवाई से एनटीपीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से जमा कचरे के कारण दुर्गंध फैलने के साथ संक्रमण का खतरा बना हुआ था। बारिश के दौरान कूड़ा सड़क पर फैलने से आवागमन प्रभावित होने की आशंका भी रहती थी।

स्वच्छता अभियान के दौरान ग्राम प्रधान धनराज यादव स्वयं मौके पर मौजूद रहे। सफाई कर्मियों एवं जेसीबी मशीन की सहायता से कूड़े का उठान कराया गया और इसके बाद पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई कराई गई। इससे एनटीपीसी के मुख्य प्रवेश मार्ग का वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित दिखाई देने लगा।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका (आईएएस), जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, ग्राम प्रधान धनराज यादव तथा एनटीपीसी ऊँचाहार के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संयुक्त अभियान स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार प्रशासन, जनप्रतिनिधि और एनटीपीसी मिलकर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का कार्य करते रहेंगे।
