अभी तक 65 स्थलों पर स्वच्छता अभियान, 1,965 मीट्रिक टन स्क्रैप का निस्तारण और 6,500 ई-फाइलों की समीक्षा
सोनभद्र, सिंगरौली। कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘विशेष अभियान 6’ के तहत स्वच्छता, स्क्रैप निस्तारण, फाइल प्रबंधन एवं कार्यालय परिसरों के सुव्यवस्थित रखरखाव से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
कंपनी द्वारा (16 अक्टूबर 2026) तक 65 स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जा चुका है तथा 85,700 वर्ग फुट क्षेत्र की सफाई की गई है। स्क्रैप निस्तारण के तहत 1,965 मीट्रिक टन स्क्रैप का निस्तारण किया गया है। इसी क्रम में स्पेस मैनेजमेंट हेतु 323 भौतिक फाइलों की समीक्षा की गई है, जिनमें से 185 फाइलों को हटाया जा चुका है। वहीं, डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन को सुदृढ़ करने की दिशा में 6,500 ई-फाइलों की समीक्षा की गई है तथा 3,790 ई-फाइलों को बंद किया जा चुका है।
स्वच्छता के साथ कार्यालय परिसरों को सुव्यवस्थित बनाने पर जोर
‘विशेष अभियान 6’ के अंतर्गत एनसीएल में स्वच्छता अभियानों के साथ-साथ कार्यालय परिसरों को सुव्यवस्थित बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत कार्यालयों में अनुपयोगी एवं कम उपयोग वाले स्थानों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। साथ ही, पुराने फर्नीचर, अनुपयोगी फाइलों, स्क्रैप एवं अन्य अनावश्यक सामग्रियों का आवश्यकता के अनुरूप पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण अथवा नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। इन पहलों के माध्यम से कार्यालयों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने, तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्य स्थल विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन एवं स्पेस मैनेजमेंट को मिल रहा बढ़ावा
एनसीएल में पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा भौतिक एवं डिजिटल फाइलों की व्यवस्थित समीक्षा के माध्यम से रिकॉर्ड प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, अभियान के अंतर्गत लंबित संदर्भों एवं शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा कार्यालयों, रिकॉर्ड रूम एवं अन्य कार्यस्थलों में 5S/3S आधारित कार्यस्थल प्रबंधन पद्धतियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन पहलों से प्रशासनिक प्रक्रियाओं में दक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने और कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में मदद मिल रही है।
गौरतलब है कि एनसीएल में ‘विशेष अभियान 6’ का क्रियान्वयन चरण 2 अक्टूबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
