सोनभद्र। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, डाला सीमेंट वर्क्स के सीएसआर विभाग द्वारा संचालित सतत् आजीविका कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास के उद्देश्य से आयोजित त्रैमासिक कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ। प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागी अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन इकाई प्रमुख संदीप हिवरेकर के दूरदर्शी दिशा-निर्देशन एवं निरंतर प्रोत्साहन तथा मानव संसाधन प्रमुख डॉ. शशिकांत के मार्गदर्शन में किया गया। उनके नेतृत्व में क्षेत्र के युवाओं को कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें आधुनिक तकनीकी ज्ञान से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर एडमिन प्रमुख पियूष शुक्ला ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कंप्यूटर का ज्ञान आज के समय में युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कौशल है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से जोड़ने में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के उपरांत युवा डाटा एंट्री ऑपरेटर, क्लर्कीय एवं अन्य कंप्यूटर आधारित कार्यों से जुड़कर अपने कौशल का उपयोग कर सकते हैं तथा समाज के विकास में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने ज्ञान एवं कौशल का निरंतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
आईटी प्रमुख रविंद्र पांडेय ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक का ज्ञान युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी है। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण से जोड़ना उनके कौशल को मजबूत करने तथा उन्हें बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
सीएसआर प्रमुख निशा तिर्की ने बताया कि सतत् आजीविका कार्यक्रम के अंतर्गत डाला एवं आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए पूर्व में भी विभिन्न कौशल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि युवाओं को निःशुल्क एवं प्रभावी प्रशिक्षण से जोड़कर उनके कौशल विकास में सार्थक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्रभावी संचालन में सीएसआर अधिकारी रोहित श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में कंप्यूटर संस्थान से ओम प्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
