बंजारी कला पहाड़ी पर बकरी चराने गई महिलाएं आकाशीय बिजली से झुलसी
अहरौरा, मिर्जापुर । स्थानीय थाना क्षेत्र के हिनौता ग्राम पंचायत में स्थित बंजारी कला पहाड़ी पर सोमवार दोपहर बाद आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया और बकरी चराने गई दो वृद्ध महिलाएं इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं । जबकि मौके पर ही दस बकरियों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हिनौता गांव निवासी मुन्नी देवी 63 वर्ष पत्नी सुदामा प्रसाद बिंद और मुन्नी पाल 60 वर्ष पत्नी बाबूलाल पाल सोमवार दोपहर को जंगल क्षेत्र में बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पास में ही गिर गई जिसकी चपेट में आकर दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।घटना के समय आसपास मौजूद अन्य चरवाहों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। और दोनों घायल महिलाओं को इलाज के लिए तत्काल निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया । प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर परिजन दोनों महिलाओं को अन्यत्र इलाज के लिए ले गए। वहीं, बिजली गिरने से आस पास में चर रही 10 बकरियां भी झुलस गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई । जिससे पशुपालकों को भारी नुकसान हुआ। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है ।
