जून 2026 में एक्टिव ग्राहक जोड़ने में रिलायंस जियो सबसे आगे, ट्राई की रिपोर्ट में दावा

Spread the love

नई दिल्ली। दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की जून 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस जियो ने देश में सबसे अधिक एक्टिव (वीएलआर) वायरलेस ग्राहकों को जोड़ते हुए अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखी है। रिपोर्ट के मुताबिक, जून माह में जियो ने 33.3 लाख एक्टिव वायरलेस ग्राहक जोड़े, जो किसी भी अन्य टेलीकॉम कंपनी से अधिक हैं। इसी अवधि में भारती एयरटेल ने 29.2 लाख एक्टिव ग्राहक जोड़े, जबकि वोडाफोन आइडिया और बीएसएनएल/एमटीएनएल के एक्टिव ग्राहकों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, जून 2026 के अंत तक जियो का एक्टिव वायरलेस ग्राहक आधार 49.89 करोड़ तक पहुंच गया, जो देश के कुल एक्टिव वायरलेस ग्राहकों का लगभग 41.5 प्रतिशत है। जियो ने कुल 50.36 करोड़ मोबाइल ग्राहकों के साथ देश की सबसे बड़ी वायरलेस सेवा प्रदाता कंपनी का स्थान भी बनाए रखा है। कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 39.3 प्रतिशत रही और जून के दौरान 21.5 लाख नए मोबाइल ग्राहक जुड़े।

वायरलाइन सेवाओं में भी जियो 1.56 करोड़ ग्राहकों और 32.7 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ देश की सबसे बड़ी फिक्स्ड लाइन सेवा प्रदाता बनी हुई है। जून महीने में कंपनी ने 1.44 लाख से अधिक नए वायरलाइन कनेक्शन जोड़े। 5जी फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (एफडब्ल्यूए) सेवा में भी जियो का दबदबा कायम है। कंपनी के 91.1 लाख एफडब्ल्यूए ग्राहक हैं, जो देश के कुल 5जी एफडब्ल्यूए ग्राहकों का लगभग 70.5 प्रतिशत है। जून के दौरान इस श्रेणी में कंपनी ने सबसे अधिक 1.45 लाख नए ग्राहक जोड़े। इसके अलावा, जियो 5जी यूबीआर (अनलाइसेंस्ड बैंड रेडियो) फिक्स्ड वायरलेस सेवा उपलब्ध कराने वाली देश की एकमात्र कंपनी रही, जिसके ग्राहकों की संख्या बढ़कर 49.3 लाख हो गई। ट्राई के अनुसार, जून 2026 के अंत तक भारत में कुल टेलीफोन ग्राहकों की संख्या 134.81 करोड़ रही, जिसमें एक महीने के दौरान 49.8 लाख का शुद्ध इजाफा दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *