मुख्यमंत्री ने ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-5.0 की समीक्षा की
प्रदेश में 07 लाख करोड़ रु0 से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरने को तैयार, जी0बी0सी0-5.0 के अन्तर्गत प्रत्येक जनपद में
निवेश करने पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाए : मुख्यमंत्री
डिफेंस कॉरिडोर में भूमि की मांग तेजी से बढ़ी, इसके सापेक्ष हमें भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर देना होगा
निवेशकों की समस्याओं का समय से निस्तारण करने से, वह प्रदेश के लिए ब्राण्ड एम्बेस्डर की तरह कार्य करेंगे
इन्वेस्ट यू0पी0 से सम्बन्धित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विगत दिनों लीड्स 2025 रैंकिंग में उ0प्र0 को मिला एग्जेम्प्लर अवॉर्ड सौंपा,
इस पुरस्कार के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बधाई दी
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहाँ अपने सरकारी आवास पर इन्वेस्ट यू0पी0 से जुड़े अधिकारियों के साथ सम्पन्न एक उच्चस्तरीय बैठक में ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी (जी0बी0सी0-5.0) की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में 07 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरने को तैयार हैं। जी0बी0सी0-5.0 के अन्तर्गत प्रत्येक जनपद में निवेश करने पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाए। जनपदों की प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने के लिए मैन्युफैक्चरिंग पावर को बढ़ावा देना आवश्यक है।
बैठक के दौरान इन्वेस्ट यू0पी0 से सम्बन्धित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विगत दिनों लीड्स 2025 रैंकिंग में उत्तर प्रदेश को मिला एग्जेम्प्लर अवॉर्ड सौंपा। अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश लॉजिस्टिक्स एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री जी ने इस पुरस्कार के लिए अधिकारियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर में भूमि की मांग तेजी से बढ़ी है। इसके सापेक्ष हमें भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर देना होगा। इसके अलावा उन प्रोजेक्ट्स में, जहां वर्षों पूर्व भूमि आवंटित की गई, लेकिन अब तक निवेश नहीं हुआ है, ऐसे प्रोजेक्ट्स के बारे में भी अद्यतन जानकारी हासिल की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज के समय में सबसे महत्वपूर्ण विषय एफ0डी0आई0 को आमंत्रित करना है। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रयास करने होंगे। इसके साथ ही पब्लिक से जुड़े मुद्दे हमारी प्राथमिकता में होने चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एम0ओ0यू0 करते समय संस्थानों की पूरी पड़ताल/जानकारी अनिवार्य रूप से की जानी चाहिए। निवेशकों से जितना अच्छा व्यवहार होगा, समय से उनकी समस्याओं का निस्तारण करेंगे तो वह प्रदेश के लिए ब्राण्ड एम्बेस्डर की तरह कार्य करेंगे। लैण्डबैंक बढ़ाना अत्यन्त आवश्यक है। इन्वेस्टमेंट पर दिया जाने वाला इन्सेंटिव निवेशकों को इवेन्ट बनाकर प्रदान करते हुए, उनका सम्मान करें और मनोबल बढ़ाएं।
कॉन्क्लेव लखनऊ में आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है, जिसमें रक्षा मंत्रालय, डी0पी0एस0यू0, वैश्विक ओ0ई0एम0, रक्षा विशेषज्ञ, एम0एस0एम0ई0 और स्टार्टअप्स को एक मंच पर लाया जाएगा। एजेंडा में उत्तर प्रदेश की रक्षा विनिर्माण क्षमता, एयरोस्पेस निवेश, रोजगार प्रोत्साहन नीति 2024, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और डी0पी0एस0यू0 की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तृत पैनल चर्चाएं प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री जी और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के सम्बोधन के साथ बी2जी और बी 2बी इंटरैक्शन भी आयोजित किए जाने की योजना है।
कॉन्क्लेव के अपेक्षित परिणामों में निवेश समझौते (एम0ओ0यू0), कॉरिडोर विस्तार का रोडमैप, टेसिं्टग एवं सर्टिफिकेशन इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास, उद्योग-सरकार साझेदारी और निवेशकों को स्पष्ट पॉलिसी सपोर्ट शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं बल्कि यूपी में एक दीर्घकालिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम तैयार करना है।
