ऊंचाहार रायबरेली।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 के उपलक्ष्य में एनटीपीसी ऊंचाहार में तीन दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा बच्चों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एनटीपीसी ऊंचाहार के कार्यकारी निदेशक बी. एम. सिंह ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण मानसिक, शारीरिक एवं आध्यात्मिक विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाकर तथा नियमित अभ्यास के माध्यम से वे स्वयं भी लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यकारी निदेशक बी.एम.सिंह, महाप्रबंधक अशुतोष विश्वास,डी. के. साहू तथा एस.यू.हरिदास,पीडिएलसी की वरिष्ठ सदस्या रंजीथा हरिदास, यूनियन असोसिएसन के प्रतिनिधियों आदि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं समवेत एनटीपीसी गीत गायन द्वारा किया गया।
योग प्रशिक्षक के रूप में संकल्प शक्ति योग साधना दर्शन केंद्र, कपूरथला (चंडीगढ़) से पधारे स्वामी हर्षलानंद नीलजी महाराज ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न योगासन,प्राणायाम एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया।उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाता है।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी तीन दिनों तक चलने वाले इस शिविर में ध्यान मेडिटेशन),एक्यूप्रेशर,रेकी तथा अन्य स्वास्थ्यवर्धक विधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न शारीरिक समस्याओं एवं दर्द से राहत के उपायों की भी जानकारी दी जाएगी।
उपस्थित सभी कर्मचारियों, परिजनों एवं बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में सहभागिता सुनिश्चित करने तथा योग को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट था—”यह तो अभी शुरुआत है, आगे मंज़िल है।” योग को जीवन का हिस्सा बनाकर ही स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
