देव स्थल पर सांसद निधि से होगा सुंदरीकरण, 15 लाख देने की घोषणा
म्योरपुर/सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक के बभनडीहा स्थित देव स्थल पर रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बड़ा देव सेवा समिति के नेतृत्व में हजारों आदिवासी जुटे। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के हक-हुकूक और अधिकारों को लेकर सड़क से संसद तक संघर्ष करने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने आदिवासी धर्म के लिए अलग गोड़ी धर्म कोड की मांग को प्रमुखता से उठाया।कार्यक्रम में आदिवासी समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ आदिवासियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समुदाय की पहचान, संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा। धर्म कोड की मांग को लेकर आंदोलन को और व्यापक बनाने का आह्वान किया गया।
देव स्थल के विकास की घोषणा
कार्यक्रम में सांसद छोटे लाल खरवार ने बभनडीहा देव स्थल के सुंदरीकरण के लिए सांसद निधि से 15 लाख रुपये खर्च करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि देव स्थल के विकास और संरक्षण से क्षेत्र की आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से आदिवासी महिला-पुरुष शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने अपनी संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया। आदिवासियों ने आदिवासी अधिकार मंच के बैनर तले बभनडीहा से म्योरपुर खेल मैदान तक वाहन और पैदल जुलूस निकाला,।मौके पर ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड,जय मंगल गोंड,राज मंत्री संजीव गोंड,जीत सिंह खरवार, पूर्व विधायक हरि राम चेरो,सुषमा सिंह, बंबई गोंड ,हरि प्रसाद सलबंदी, असर्फी सिंह गोंड, सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे ।
