प्रयागराज । देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज 15 अगस्त को प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर उत्तर मध्य रेलवे की रेल सुरक्षा बल (RPF) बैंड टीम द्वारा भव्य बैंड प्रस्तुति का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त प्रदीप कुमार गुप्ता, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक शरद चंद्रायन, मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल सहित उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर महिला कल्याण सगठन उत्तर मध्य रेलवे की अध्यक्षा श्रीमती हिमा चौहान सिंह एवं पदाधिकारीगण साथ में महिला कल्याण समिति प्रयागराज की अध्यक्षा श्रीमती वंदना अग्रवाल पदाधिकारियों के साथ उपस्थित रही।

यह विशेष बैंड प्रस्तुति आगरा कैंट स्टेशन एवं झांसी स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम के बाद आज प्रयागराज जंक्शन पर आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, प्रयागराज मंडल श्री दीपक कुमार आजाद एवं उनकी टीम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात गणेश वंदना की प्रस्तुति दी गई। आरपीएफ बैंड टीम द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों एवं मधुर वाद्य प्रस्तुतियों ने प्रयागराज जंक्शन स्टेशन परिसर को राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर कर दिया।बैंड टीम द्वारा ‘वंदे मातरम्’, ‘संदेशे आते हैं’ (फिल्म बॉर्डर), ‘तेरी मिट्टी में मिल जावां’ (फिल्म केसरी), ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’, ‘मेरा कर्मा तू’ (फिल्म कर्मा), ‘सारे जहाँ से अच्छा’ तथा ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसी देशभक्ति धुनों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बैंड टीम का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने सभी अधिकारियों, आरपीएफ जवानों एवं उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आरपीएफ बैंड की यह प्रस्तुति सभी के लिए गर्व का विषय है। आगरा के बाद आज प्रयागराज में आरपीएफ बैंड द्वारा दी गई यह प्रस्तुति केवल संगीत की प्रस्तुति नहीं, बल्कि रेल सुरक्षा बल के समर्पण, अनुशासन और देशभक्ति की भावना का सशक्त प्रदर्शन है।
महाप्रबंधक महोदय ने आरपीएफ की ड्यूटी को कठिन एवं चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि आरपीएफ के जवान अनेक परिस्थितियों में कठिन दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि आरपीएफ के पास पुलिस की सभी शक्तियां न होने के बावजूद उनसे पुलिस की तरह कार्य करने की अपेक्षा की जाती है। इन सीमाओं के भीतर रहते हुए भी आरपीएफ के जवान पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आरपीएफ ने अपने कार्यों के माध्यम से आम जनता के बीच अपनी एक सकारात्मक एवं विश्वसनीय छवि बनाई है। यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा तथा रेल परिसर में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने में आरपीएफ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आरपीएफ के जवानों के कर्तव्यनिष्ठ कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण से रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और जनविश्वास दोनों मजबूत होते हैं।
महाप्रबंधक महोदय ने अपने संबोधन का समापन ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ किया, जिससे पूरा स्टेशन परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। इसी क्रम में महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह एवं अध्यक्षा, उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन श्रीमती हिमा चौहान सिंह द्वारा आरपीएफ बैंड टीम को उनकी शानदार एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बैंड टीम के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी कला, अनुशासन और समर्पण की सराहना की गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
