ओमान, कतर और यूएई की टीमों समेत 26 टीमें मैदान में, 350 बेटियां दिखा रहीं खेल कौशल का दम

गाँव गिरांव
काशिमपुर-पांडेपुर स्थित जेएस पब्लिक स्कूल का मैदान गुरुवार को उस वक्त अंतरराष्ट्रीय खेल के रंग में रंग गया, जब देश-विदेश की बेटियों ने हैंडबॉल के मैदान में दमखम दिखाना शुरू किया। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सीबीएसई नेशनल गर्ल्स हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य आगाज हुआ।

पांच दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में भारत के साथ ओमान, कतर और यूएई की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं।मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद मशाल स्थापना और खिलाड़ियों के शपथ ग्रहण के साथ मुकाबलों का सिलसिला शुरू हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में खिलाड़ी अपना हुनर दिखा रही हैं।

26 टीमों में 350 खिलाड़ियों का जोरदार मुकाबलाएक से पांच अक्तूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में कुल 26 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें 20 भारतीय और 6 विदेशी टीमें शामिल हैं। करीब 350 खिलाड़ी, 55 कोच व मैनेजर और 20 निर्णायक प्रतियोगिता का हिस्सा हैं। मैदान पर हर मुकाबले के साथ खिलाड़ियों का जोश और जीत की जद्दोजहद देखने को मिल रही है।
लगातार पांचवीं बार जेएस पब्लिक स्कूल को राष्ट्रीय मेजबानीसीबीएसई ने जेएस पब्लिक स्कूल को लगातार पांचवीं बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी सौंपी है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार वर्ष 2022 से विद्यालय लगातार बड़े खेल आयोजनों का केंद्र बना हुआ है। कबड्डी क्लस्टर, हॉकी क्लस्टर, खो-खो और राष्ट्रीय बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता के आयोजन के बाद अब फिर राष्ट्रीय स्तर की गर्ल्स हैंडबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी की जा रही है।विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों के शारीरिक विकास और खेल प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यही वजह है कि सीबीएसई ने विद्यालय को लगातार बड़े आयोजनों की जिम्मेदारी दी है।
शंखनाद से जोश, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह की शुरुआत वेद मंत्रों और शंखनाद से हुई मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण के साथ मशाल को निर्धारित स्थान पर स्थापित किया। आचार्य प्रमोद कुमार चतुर्वेदी ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और ईमानदारी से खेलने की शपथ दिलाई।मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए हॉकी, क्रिकेट, कबड्डी और वॉलीबाल समेत विभिन्न खेलों के उदाहरण दिए और पूरी मेहनत व खेल भावना से आगे बढ़ने का संदेश दिया।इसके बाद विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, हल्लाबोल डांस और पीटी डांस की आकर्षक प्रस्तुति दी। रंगारंग कार्यक्रम ने खिलाड़ियों और दर्शकों में नई ऊर्जा भर दी। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. विधुभूषण सिंह ने विद्यालय की खेल गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की, जबकि प्रेसिडेंट राणा प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ।पहले दिन ही मैदान पर दिखा रोमांचअंडर-14 के मुकाबले में नोजगे पब्लिक स्कूल राजस्थान ने बिरला पब्लिक स्कूल दोहा के खिलाफ 19-2 से बढ़त बनाई। वेलामल चेन्नई और कल्याणी पब्लिक स्कूल महाराष्ट्र के बीच मुकाबले में महाराष्ट्र की टीम 8-4 से आगे रही। केएन मोदी ग्लोबल स्कूल गाजियाबाद को संस्कार पब्लिक स्कूल के खिलाफ वॉकओवर मिला।अंडर-17 में महाराजा सवाई भवानी सिंह स्कूल ने आर्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली को 8-6 से शिकस्त दी। भारत नेशनल पब्लिक स्कूल दिल्ली ने शांति निकेतन इंडियन स्कूल कतर के खिलाफ 7-3 से बढ़त बनाई। आर्मी पब्लिक स्कूल गोपालपुर ने बीपीएस को 14-9 से पीछे किया।अंडर-19 में लक्ष्य पब्लिक स्कूल धांसू ने असम के खिलाफ 12-7 से जीत दर्ज की। वहीं पौना स्कूल मद्रास ने वेलामल चेन्नई को 15-10 से हराया।
29 सितंबर से पहुंचने लगी थीं टीमेंप्रतियोगिता में शामिल टीमों का आगमन 29 सितंबर से ही शुरू हो गया था। 30 सितंबर को पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन के ठहरने की व्यवस्था लॉजिस्टिक विभाग तथा भोजन की व्यवस्था फूड विभाग ने संभाली।उद्घाटन समारोह में एसडीएम राजीव सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर मुगलसराय अशोक कुमार सिंह, शिवतपस्या पासवान, तहसीलदार मुगलसराय संदीप सिंह, ऑब्जर्वर महिवर्धन सिंह राठौर और टेक्निकल ऑब्जर्वर डॉ. निशांत सिंह समेत विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, खिलाड़ी, कोच, मैनेजर और अभिभावक मौजूद रहे। विद्यालय की ओर से सभी अतिथियों का सम्मान किया गया।
