दुद्धी में धूमधाम से निकली भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ दही-हांडी मटका फोड़ कार्यक्रम

Spread the love

दुद्धी,सोनभद्र। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रविवार को दुद्धी नगर में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य एवं मनोरम शोभायात्राएं निकाली गईं। विभिन्न मंदिरों और समितियों के तत्वावधान में निकली शोभायात्राओं में भगवान श्रीकृष्ण, राधा सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच नगर का वातावरण पूरी तरह कृष्णमय नजर आया। दुद्धी नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा की सुंदर झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। वहीं मां काली मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में भी भगवान श्रीकृष्ण की डोल निकाली गई। युवाओं की टोली ने संकट मोचन मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक प्रतिमा के साथ शोभायात्रा निकाली।

संकट मोचन मंदिर के सामने दही-हांडी मटका फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने मटका फोड़ने के लिए उत्साहपूर्वक भाग लिया। मटका फोड़ने वाले प्रतिभागियों को आयोजकों की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में शिवाला मंदिर एवं भगवान विष्णु मंदिर से भी भगवान श्रीकृष्ण की मनोरम झांकी निकाली गई। पंचदेव मंदिर, रामनगर स्थित डिहवार बाबा मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की शेषनाग से सुशोभित आकर्षक डोल निकाली गई। सभी शोभायात्राएं नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए शिवाजी तालाब पहुंचीं, जहां विधि-विधान से डोल का विसर्जन किया गया। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न आयोजक मंडलों के युवा पीले वस्त्र धारण कर भक्ति और उल्लास में झूमते नजर आए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया।

वहीं रामलीला खेल मैदान में विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में दही-हांडी मटका फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न आयोजक मंडलों की युवा टोलियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और मानव पिरामिड बनाकर दही-हांडी फोड़ने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद युवाओं ने हांडी फोड़कर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।भगवान श्री कृष्ण की डोल जुलुस एवं शोभायात्रा को सकुशल संपन्न कराने में जय बजरंगबली अखाड़ा समिति श्री रामलीला कमेटी विश्व हिंदू परिषद जीव शक्ति फाउंडेशन कान्हा सेवा समिति जय बजरंग अखाड़ा समिति सहित अन्य धार्मिक सामाजिक संगठनों के लोगों ने अपना पूर्ण सहयोग दिया। शोभायात्राओं और दही-हांडी कार्यक्रम को लेकर प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वहीं सुरक्षा की दृष्टिगत  उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी, प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी एवं पुलिस बल पूरे नगर में भ्रमणशील रहे। अधिकारियों ने शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *