रेणुकूट। पिपरी स्थित ऑफिसर्स क्लब में शनिवार की शाम रिहंद परियोजना एवं ओबरा परियोजना के प्रमुख सुरेश चंद्र बुनकर का 60वां जन्मदिन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में परियोजना के अधिकारी, कर्मचारी, सहयोगी और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम भावनात्मक और सम्मानपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुरेश चंद्र बुनकर के जीवन, व्यक्तित्व और 35 वर्षों की सेवायात्रा पर आधारित एक लघु डॉक्यूमेंट्री फिल्म के प्रदर्शन से हुई। फिल्म में उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों, विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन तथा परियोजनाओं के विकास में उनके योगदान को दर्शाया गया। डॉक्यूमेंट्री देखकर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत और सम्मान किया।
इसके बाद राजस्थान से आए उनके परिजनों ने उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र के साथ-साथ पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों का भी हमेशा पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। वक्ताओं ने कहा कि सुरेश चंद्र बुनकर ने अपने सरल स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता से सभी का विश्वास और सम्मान अर्जित किया है। समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं सहयोगियों ने भी अपने संबोधन में उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली की सराहना की। सभी ने कहा कि उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में ईमानदारी, समर्पण और उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया तथा अपने अनुभवों से नई पीढ़ी के अधिकारियों और कर्मचारियों का मार्गदर्शन किया। वक्ताओं ने उनके स्वस्थ, सुखद और सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। गौरतलब है कि सुरेश चंद्र बुनकर इसी माह 31 जुलाई को 35 वर्षों की सफल सेवा पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शशिकांत राय, शत्रुघ्न सिंह, कुबेर सिंह, अशोक त्रिपाठी, अनिल कुशवाहा, आदित्य मौर्य, मस्तराम मिश्रा, महेंद्र प्रसाद गांधी, किशन पांडे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
