*पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी, शेष कार्यों को मानक व गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराये जाने का दिया निर्देश*
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने निर्माणाधीन 100 सीटर बॉयज हॉस्टल के निर्माण, संस्थान परिसर एवं बालिका छात्रावास के लघु मरम्मत का कार्य तथा जनपद के डायट (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) को सेंटर ऑफ़ एक्सलेंस के रूप में विकसित किये जाने, डायट परिसर में मल्टी परपज ट्रेनिंग हॉल/ऑडिटोरियम आदि विकास कार्यों का रविवार को औचक स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति जानी और कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने परिसर में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के निर्माणाधीन कंप्यूटर लैब के निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली।
डायट के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस के निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अभियंता ने बताया कि इस परियोजना के ऐकडेमिक ब्लॉक (जी+2) के भूतल पर पुट्टी, प्रथम तल पर टाइल, द्वितीय तल व आउटर बैक साइड पर प्लास्टर कार्य, आवास, कबीर हॉल के रिपेयरिंग जैसे कार्य प्रगति पर है और बाउंड्रीवाल, समर्सिबल सॉकपिट सेप्टिक टैंक आदि का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, सेमिनार हॉल के स्ट्रक्चर और पुट्टी का कार्य पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने बालिका छात्रावास (जी+2), रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, इंटरलॉकिंग, सोलर पॉवर जेनरेटर, सीसीटीवी तथा वॉलीबॉल कोर्ट जैसे शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बालिका छात्रावास के लघु मरम्मत और डायट परिसर में मल्टी परपज ट्रेनिंग हॉल/ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी। कहा शेष सभी कार्यों को मानक व गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने डायट के पूरे कैंपस के सुंदरीकरण के ग्रीनलैंड डेवलपमेंट, पार्क बनाने, मुख्य गेट से कस्तूरबा विद्यालय तक सीसी रोड, मेन गेट लगाना और खेल मैदान विकसित करने सहित अन्य छोटे कार्यों के लिए एस्टीमेट बनाने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए। इस दौरान डायट के प्रधानाचार्य, यूपी सी एंड डी एस, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास संघ लि०(यू पी सी एल डी एफ), यूपीपीसीएल के अभियंता एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
