आंधी से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए अधिकारियों द्वारा सर्वे कार्य युद्ध स्तर पर शुरु

Spread the love

चंदौली। अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व राजेश कुमार ने अवगत कराया कि बुधवार को बेमौसम आंधी और बारिश से जनपद में बिजली, दीवार और पेड़ गिरने से हुए नुकसान का आंकलन हेतु सम्बन्धित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील होकर तेजी से कार्य कर रहे है। जनहानि के प्रकरण में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि सभी मौके पर पहुंच कर और पीड़ितों को आपदा राहत कोष से लाभ दिलवाएं। उनकी इस दुःख की घड़ी में शामिल रहे। 

उन्होंने कहा अधिकारियों द्वारा राहत कार्य युद्धस्तर पर शुरू है और पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करने की कार्यवाही तेजी से चल रही है। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है। बिजली विभाग ने आंधी के तुरंत बाद प्रभावित क्षेत्रों में अपनी टीमें तैनात कर दी हैं, जो दिन-रात काम कर रही हैं। अधिकारी युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द व्यवस्था सामान्य हो सके। गिरे पेड़ों को हटाने तथा सफाई का व्यापक अभियान जारी है। 

ग्रामीणों के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हुए नुकसान पर जांचोपरांत पीएम आवास के तहत पक्का घर बनाने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। 

आम जनता से अपील है कि आंधी-तूफान के दौरान घरों के अंदर सुरक्षित रहें और सड़कों पर गिरे पेड़ों की सूचना स्थानीय प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *