एनटीपीसी विंध्याचल में फायर सर्विस वीक 2026 का सफलतापूर्वक समापन

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली।  एनटीपीसी विंध्याचल में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक फायर सर्विस वीक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें अग्निशमन कर्मियों के साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अग्नि सुरक्षा जागरूकता और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ किया गया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी डेमोंस्ट्रेशन, जागरूकता अभियान तथा प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें आग से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और सुरक्षित निकासी के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। समापन समारोह का मुख्य आकर्षण सीआईएसएफ के जवानों द्वारा प्रस्तुत लाइव डेमोंस्ट्रेशन रहा, जिसमें खतरनाक गैस रिसाव जैसी आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की प्रभावी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन ने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और अनुशासित प्रतिक्रिया के महत्व को रेखांकित किया।

इसके अतिरिक्त, फर्स्ट एड और फायर फाइटिंग प्रशिक्षण सत्रों के साथ-साथ क्विज, निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें कर्मचारियों, श्रमिकों, स्कूल के बच्चों, सीआईएसएफ कर्मियों तथा उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को समापन समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संजीव कुमार साहा, परियोजना प्रमुख (विंध्याचल) उपस्थित रहे। उनके साथ मनीष कुमार राय, वरिष्ठ कमांडेंट (सीआईएसएफ) एवं  सदा राम यादव, उप कमांडेंट (सीआईएसएफ) भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में एनटीपीसी विंध्याचल के वरिष्ठ प्रबंधन के सदस्य भी उपस्थित रहे, जिनमें  ए.जे. राजकुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण),  एम. सुरेश, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम),  एस.के. सिन्हा, अपर महाप्रबंधक(प्रचालन एवं एफएम), श्रीमती रूमा दे शर्मा, मानव संसाधन प्रमुख(विंध्याचल),  आशीष अग्रवाल, अपर महाप्रबंधक(सुरक्षा) तथा श्रीमती मृणालिनी, अपर महाप्रबंधक(मानव संसाधन) शामिल रहे। यह आयोजन एनटीपीसी विंध्याचल की सुरक्षा, सतर्कता और सामुदायिक जागरूकता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *