स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने हेतु एनटीपीसी सिंगरौली का विशेष स्वच्छता अभियान

Spread the love

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा “स्वच्छता पखवाड़ा” के अंतर्गत रविवार बाजार, शक्तिनगर परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान एवं जनसहभागिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर वातावरण के निर्माण हेतु प्रेरित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  सी.एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) रहे। इस अवसर पर  रश्मिरंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना), सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारीगण, विभिन्न विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में एनटीपीसी सिंगरौली के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में  सी.एच. किशोर कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व एवं जीवनशैली का अभिन्न अंग है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें तथा “स्वच्छ भारत” के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करें। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

 उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए जनभागीदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। मानव संसाधन विभाग एवं नगर प्रशासन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक सरोकारों एवं जनहित के प्रति एनटीपीसी सिंगरौली की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण रहा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *