रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए प्रयागराज मंडल का विशेष अभियान तेज

Spread the love

* जनवरी 2026 से 15 अक्तूबर 2026 तक 1188 लोग गिरफ्तार*

* सुरक्षित रेल यात्रा के लिए आमजन से सहयोग की अपील*

प्रयागराज।  उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मण्डल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेलगाड़ियों के सुचारू एवं समयबद्ध संचालन को बनाए रखने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक श्री रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से प्रवेश करने एवं पटरियों को पार करने (ट्रेसपासिंग) वालों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत *1 जनवरी 2026 से 15 अक्तूबर 2026 तक कुल 1,188 व्यक्तियों को ट्रेसपासिंग के आरोप में गिरफ्तार* कर उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई। रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार करना कानूनन अपराध है तथा संबंधित मामलों में रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाती है।

रेलवे ट्रैक पार करना जीवन के लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण है। तेज गति से आने वाली ट्रेन का सही समय पर अनुमान लगाना कठिन होता है। ऐसे में थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसके अतिरिक्त, इस प्रकार की घटनाओं से रेलगाड़ियों के सुचारू संचालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

*माहवार गिरफ्तारियों का विवरण (01 जनवरी – 15 अक्तूबर, 2026)*:

जनवरी 2026: 131 लोग गिरफ्तार , फरवरी 2026: 109 लोग गिरफ्तार  , मार्च 2026: 259 लोग गिरफ्तार, अप्रैल 2026: 164 लोग गिरफ्तार , मई 2026: 226 लोग गिरफ्तार , जून 2026: 98 लोग गिरफ्तार , जुलाई 2026: 40 लोग गिरफ्तार , अगस्त 2026: 43 लोग गिरफ्तार, सितंबर 2026: 111 लोग गिरफ्तार, अक्तूबर 2026: 7 लोग गिरफ्तार

*रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट-वार गिरफ्तारियाँ (01 जनवरी – 15 अक्तूबर, 2026):*

प्रयागराज जंक्शन: 141, चुनार: 120 ,कानपुर सेंट्रल: 119, नैनी: 99, फतेहपुर: 95, प्रयागराज छिवकी: 88, कानपुर अनवरगंज: 65, पनकी धाम: 55, फफूंद: 55, अलीगढ़: 55, टूंडला: 48, फ़िरोज़ाबाद: 45, जीएमसी: 42, मानिकपुर: 40, मिर्जापुर: 31, खुर्जा: 29, इटावा: 28, सूबेदारगंज: 15, शिकोहाबाद: 9, दादरी: 8, हाथरस: 1

रेल प्रशासन यात्रियों एवं आमजन से अपील करता है कि वे किसी भी परिस्थिति में रेलवे ट्रैक पार न करें। एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए केवल फुट ओवरब्रिज, सबवे अथवा निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें। थोड़ी-सी जल्दबाजी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रयागराज मंडल रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। रेल प्रशासन ने आमजन से रेलवे नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *