अपर मंडल रेल प्रबंधक ने विंध्याचल स्टेशन का किया निरीक्षण

Spread the love

शारदीय नवरात्रि मेला-2026 के दौरान यात्री एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 प्रयागराज । शारदीय नवरात्रि मेला-2026 के दौरान माँ विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यात्री सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा उनकी सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल द्वारा व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं। इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के क्रम में दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य), प्रयागराज, दीपक कुमार ने विंध्याचल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (गुड्स), श्री कृष्ण कुमार राय भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान दीपक कुमार ने स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं, श्रद्धालुओं के आवागमन, टिकट वितरण व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, यात्री सहायता तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेले के दौरान यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। साथ ही, स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और यात्रियों की सुविधा के लिए तैनात रेलकर्मियों को सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं को निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध करा रही सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड की टीम से मुलाकात की। उन्होंने टीम के सदस्यों से बातचीत कर मेले के दौरान किए जा रहे सेवा कार्यों एवं चिकित्सा सहायता की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में टीम के योगदान की सराहना की।

प्रयागराज मंडल द्वारा नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टिकट व्यवस्था, यात्री सहायता, स्वच्छता, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा तथा सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि माँ विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आने वाले सभी श्रद्धालु सुविधाजनक, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में अपनी रेल यात्रा पूरी कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *