शिव भक्तों ने दुद्धी में निकाली भव्य शोभायात्रा, हाथों में पौधे लेकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Spread the love

दुद्धी, सोनभद्र। शिवगुरु शिव शिष्या साहेब नीलम दीदी के 74 वे जयंती के पूर्व संध्या पर रविवार को दुद्धी कस्बे में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के संकल्प के साथ शिव भक्तों द्वारा भव्य पद यात्रा निकाली गई।जहाँ अपने हाथों में पौधे लिए शिव शिष्यों ने नगर भ्रमण कर लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वन विभाग द्वारा सैकड़ों शिवगुरु शिष्यों के बीच 500 पौधों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन रहे। पद यात्रा का शुभारंभ वन विभाग के अतिथि गृह परिसर से हुआ, जो दुद्धी कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए अमवार तिराहे तक पहुंची तथा पुनः अतिथि गृह परिसर में समाप्त हुई। पूरे मार्ग में शिव शिष्यों ने हाथों में पौधे लेकर पदयात्रा की और “पेड़ लगाओ, धरती बचाओ”, “पेड़ लगाओ, हरियाली लाओ”, “साँसें हो रही हैं कम, आओ मिलकर वृक्ष लगाएँ हम” तथा “धरती माता करें पुकार, वृक्ष लगाकर करें श्रृंगार” जैसे प्रेरणादायी नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया।

भीषण धूप के बावजूद शिव शिष्यों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। शिवगुरु शिव शिष्या साहेब स्व:नीलम दीदी के 74वें जयंती के अवसर पर पूरे जनपद में 74 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी अभियान के तहत दुद्धी तहसील मुख्यालय पर वन विभाग द्वारा 500 पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के समापन के पश्चात शिव शिष्य पौधों को अपने घरों एवं निर्धारित स्थलों पर रोपित करने के लिए साथ लेकर रवाना हुए। इस अवसर पर प्रभारी कैलाश अग्रहरि, रामानुज दुबे, भोला सोनी, वन क्षेत्राधिकारी दुद्धी गर्जन राम, डिप्टी रेंजर आलोक मिश्रा, वन दरोगा सुरेंद्र यादव, सूर्य नारायण, सीताराम, रामचंद्र, बसंती देवी, गोपाल सोनी, ममता देवी, निर्मला देवी, गायत्री देवी, संजू देवी, मनोरमा देवी, विकास, शिवकुमार सहित बड़ी संख्या में शिव शिष्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *