16 से 30 नवंबर तक होगी जनगणना-2027 की स्व-गणना, डीएम ने की सहभागिता की अपील

Spread the love

 जनपद में 4,469 गणना ब्लॉक निर्धारित, 4,428 कार्मिकों की तैनाती

सोनभद्र। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में 16 से 30 नवंबर तक जनपद वासी स्व-गणना कर सकेंगे। इसके लिए भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करनी होगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। जनगणना का प्रथम चरण मकान सूचीकरण का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। स्व-गणना के लिए पोर्टल पर भाषा चयन के बाद मोबाइल नंबर से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद परिवार के निवास स्थान का सत्यापन कर निर्धारित 40 प्रश्नों के जवाब भरने होंगे। विवरण जांचने के बाद उसे सबमिट करना होगा। प्रक्रिया पूरी होने पर मिलने वाली पहचान संख्या सुरक्षित रखनी होगी और प्रगणक के घर पहुंचने पर उपलब्ध करानी होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का कार्य होगा। जनपद में जनगणना कार्य के लिए 16 चार्ज अधिकारी नामित किए गए हैं। इनमें चार ग्रामीण और 12 नगरीय चार्ज शामिल हैं। कुल 4,469 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनके लिए 3,781 प्रगणक और 647 सुपरवाइजर सहित कुल 4,428 कार्मिक तैनात किए गए हैं। सभी कार्मिकों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। प्रशिक्षण के लिए दो मास्टर ट्रेनर और 68 फील्ड ट्रेनर नियुक्त किए गए थे। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। प्रत्येक परिवार की सहभागिता इसमें जरूरी है। उन्होंने लोगों से स्व-गणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करने, सत्यापन के समय प्रगणकों को सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *