झज्जर । सवेरा स्कूल में ऑटिज्म से प्रभावित विशेष बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एपीसीपीएल पॉवर प्लांट की सखी लेडीज़ क्लब की वेलफेयर विंग ने एक नई पहल की है। इसके तहत स्कूल परिसर में एक विशेष रूप से तैयार किया गया “लर्निंग कॉर्नर” का उद्घाटन किया गया, जिसमें दीवारों को आकर्षक चित्रों और शैक्षणिक सामग्री से सजाया गया है।
इस लर्निंग कॉर्नर में अक्षर, अच्छे व्यवहार की बातें और सप्ताह के दिनों जैसी जानकारी को सरल और रंगीन तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को सहज, रोचक और समझने में आसान बनाना है। यह प्रयास विशेष बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि वे खेल-खेल में सीख सकें।
कार्यक्रम का उद्घाटन सखी लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा ममता कैबोर्ता ने किया। इस अवसर पर क्लब की वरिष्ठ सदस्य और स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित रहे। इस पहल को आकार देने में ममता कैबोर्ता के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह पहल बच्चों के लिए एक सकारात्मक और सहायक माहौल तैयार करने की दिशा में एक प्रयास है। इससे उनके सीखने की क्षमता को बढ़ावा मिलने और दैनिक जीवन को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
