युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन: आरएसपी का वार्षिक ग्रीष्मकालीन कोचिंग शिविर’ आरंभ

Spread the love

* 1200 से अधिक बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी

राउरकेला।सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के वार्षिक खेल महोत्सव 39वें ग्रीष्मकालीन कोचिंग शिविर-2026 का उद्घाटन 5 मई को इस्पात स्टेडियम में किया गया। मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएँ एवं सीएसआर),  टी. जी. कानेकर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे, जिन्होंने क्रीड़ा ध्वज फहराकर शिविर का उद्घाटन किया। मुख्य महाप्रबंधक (सीसीडब्ल्यू), आलोक बेहरा और सुप्रसिद्ध अनुभवी खिलाड़ी, पी एन गंतायत सम्मानित अथिति थे। कार्यक्रम में आरएसपी के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि इस 21 दिवसीय शिविर में कुल 1255 छात्र भाग ले रहे हैं, जो 25 मई को संपन्न होगा।

श्री कानेकर ने युवाओं में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह की सराहना की तथा प्रतिभागियों से अनुशासन, समर्पण और टीम भावना अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ये गुण न केवल खेलों में उत्कृष्टता के लिए आवश्यक हैं, बल्कि जीवन में एक सफल और संतुलित व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का शिविर के अधिकारियों और प्रतिभागियों से परिचय कराया गया। इससे पहले उप प्रबंधक (क्रीड़ा),  रघुनंदन पाढ़ी ने स्वागत भाषण दिया तथा कार्यक्रम का समन्वय किया। एसएसएम के अनिल मलिक ने उद्घाटन समारोह का मंच संचालन किया।

शिविर में पंजीकृत 1255 प्रतिभागी कुल 16 खेल विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, जिनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, शतरंज, क्रिकेट, साइक्लिंग, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग तथा योग शामिल हैं। इस वर्ष लॉन टेनिस और तीरंदाजी को नए खेल विधाओं के रूप में जोड़ा गया है। विभिन्न खेल विधाओं के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। बहु-स्थल पर आयोजित यह शिविर बीजू पटनायक हॉकी स्टेडियम, इस्पात स्टेडियम, इस्पात बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स, इस्पात इंडोर स्टेडियम, इंडो जर्मन क्लब तथा इस्पात स्टेडियम के शतरंज हॉल में संचालित किया जा रहा है।

ग्रीष्मकालीन कोचिंग शिविर की शुरुआत वर्ष 1986 में सीमित खेल विधाओं और कम प्रतिभागियों के साथ हुई थी, लेकिन वर्षों के दौरान इसका स्वरूप और प्रभाव काफी बढ़ गया है। यह शिविर अनेक खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने में सहायक रहा है, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। यह आज भी उभरती हुई खेल प्रतिभाओं की खोज एवं विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *