’बीजपुर, सोनभद्र। एनटीपीसी रिहंदनगर परिसर स्थित प्रसिद्ध रिहंदेश्वर महादेव मंदिर में शारदीय नवरात्रि महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव के दौरान भजन संध्या, शंखनाद एवं नृत्य प्रतियोगिता, रामायण मंचन, हवन और कन्या पूजन सहित विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन अवसर पर विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर महा प्रसाद ग्रहण किया। 17 अक्टूबर को लखनऊ से आए अग्निहोत्री बंधुओं की भजन प्रस्तुतियों ने मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान आयोजित शंखनाद प्रतियोगिता में अपर महाप्रबंधक ब्रजेश कुमार यादव ने प्रथम तथा मानव संसाधन विभाग के अमित केसरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि एवं परियोजना प्रमुख, कार्यकारी निदेशक संजय असाटी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
18 अक्टूबर को आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। मुख्य अतिथि संजय असाटी एवं महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही धार्मिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।महोत्सव का विशेष आकर्षण लखनऊ से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रामायण मंचन रहा। कलाकारों ने नारद, रावण और भगवान श्रीराम के चरित्रों का प्रभावशाली अभिनय कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।नवमी के पावन अवसर पर विधि-विधान से हवन एवं कन्या पूजन किया गया। इसके साथ ही सनातन धर्म ध्वजा की स्थापना की गई। तत्पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान परियोजना प्रमुख संजय असाटी एवं महाप्रबंधक हेमेश वार्ष्णेय स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते नजर आए।
कार्यक्रम में महिला मंडल की अध्यक्ष नीलू असाटी, कीर्ति वार्ष्णेय, पूजा समिति के अध्यक्ष एन.एस. कोरंगा, महासचिव विजेंद्र कुमार मीना, मानव संसाधन विभाग के प्रमुख राजेश बोईपाई, मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, बीएमएस के महामंत्री एस.एन. पाठक, मंदिर समिति के महासचिव प्रमोद द्विवेदी, उदय उपाध्याय, विजय गुप्ता, अनिल त्रिपाठी, सूरज प्रजापति तथा ईवा के महासचिव आशुतोष कुमार सिंह सहित एनटीपीसी के अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।मीडिया प्रभारी अनन्त मोहन सिंह ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव को सफल बनाने में मंदिर एवं पूजा समिति के सदस्यों तथा सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।
भक्ति,भजन और रामायण मंचन से गूंजा रिहंदेश्वर धाम,भव्य भण्डारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद’
