“सफलता के लिए सही लक्ष्य निर्धारण है ज़रूरी” – गौरव बैनल

Spread the love

कलेक्टर, सिंगरौली गौरव बैनल ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

एनसीएल ब्लॉक- बी परियोजना में आयोजित हुआ ‘इग्नाइटिंग यंग माइंड्स’ प्रोग्राम

सोनभद्र, सिंगरौली। शुक्रवार को एनसीएल की ब्लॉक-बी परियोजना में युवाओं को अभिप्रेरित करने के उद्देश्य से ‘इग्नाइटिंग यंग माइंड्स’ प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में कलेक्टर, सिंगरौली, गौरव बैनल उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में गौरव बैनल ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, व्यक्तित्व विकास और जिम्मेदार नागरिक जैसी महत्वपूर्ण बातों पर अपने विचार साझा किये। उन्होंने बच्चों को देश का भविष्य बताया और  कहा कि भारत दुनिया की सबसे अधिक युवा आबादी वाला देश है, और यदि युवा वर्ग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सही दिशा में कदम बढ़ाए, तो वह देश की प्रगति में अभूतपूर्व योगदान दे सकता है।

भारतीय संविधान और उसकी प्रस्तावना के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान सामाजिक और आर्थिक न्याय की गारंटी देता है, जिसके तहत ‘शिक्षा का अधिकार’ समाज के हर तबके के बच्चे को समान शिक्षा का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि अपने भविष्य और करियर का फैसला अपनी रुचि और समझ के अनुसार स्वयं लें, क्योंकि हर क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

इसके अतिरिक्त उन्होंने युवाओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और कड़ी मेहनत करने का आग्रह किया। साथ ही  अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए श्री गौरव बैनल ने युवाओं को जीवन की हर परिस्थिति में तार्किक बने रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने सभी को शारीरिक और मानसिक फिटनेस के लिए खेलों से जुड़ने की सलाह दी।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय महाप्रबंधक (ब्लॉक-बी), प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने उपस्थित विद्यार्थियों से कड़ी मेहनत करने और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ मजबूत चरित्र को सफल जीवन की नींव बताया। कार्यक्रम में परियोजना से अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जेसीसी सदस्य, कर्मचारी, कल्याणी महिला समिति अध्यक्ष और अन्य सदस्याएँ, स्थानीय विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में एक रोचक संवाद सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने कलेक्टर, सिंगरौली, गौरव बैनल से जीवन और करियर के विभिन्न आयामों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाऐं  शांत की। इसके साथ ही एनसीएल ब्लॉक-बी परिक्षेत्र के विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *