गाडरवारा । एनटीपीसी गाडरवारा में हिंदी पखवाड़ा के अवसर पर राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता, अभिरुचि एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन 14-28 सितंबर 2026 किया जा रहा है।
एनटीपीसी गाडरवारा की कार्य-संस्कृति अपने आप में विविधता और समावेशिता का सुंदर उदाहरण है। परियोजना में कार्यरत कर्मचारी एवं अधिकारी देश के विभिन्न प्रांतों से आते हैं तथा विभिन्न भाषाई एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों से जुड़े हुए हैं। ऐसी बहुभाषी एवं बहुसांस्कृतिक कार्य-परिवेश में हिंदी एक ऐसी साझा भाषा के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, जो सभी को आपस में जोड़ने तथा कार्यस्थल पर सहज एवं प्रभावी संवाद स्थापित करने में सहायक है।
हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में हिम्मत सिंह चौहान, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी गाडरवारा द्वारा हिंदी अपील का वाचन किया गया। इस अवसर पर परियोजना के वरिष्ठ अधिकारियों, विभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में राधेश्याम मौर्य, महाप्रबंधक (O&M), राजीव त्रिपाठी, महाप्रबंधक (परियोजना), विवेक गुरु, महाप्रबंधक (प्रचालन ), पंकज जेठा, महाप्रबंधक (अनुरक्षण ), संतोष गुप्ता, महाप्रबंधक (सर्तकता ) एवं विनोद कांबली, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएँ ) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर हिम्मत सिंह चौहान, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक ने अपने संबोधन में कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी हमारे कार्यस्थल पर प्रभावी, सहज एवं समावेशी संचार का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रयोग केवल एक औपचारिक दायित्व न होकर हमारी कार्य-संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग से कार्यालयीन कार्यों को सरल, सहज, प्रभावी एवं जनसुलभ बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान हिंदी के प्रति रुचि एवं सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इस क्रम में हस्ताक्षर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त “स्मृति परीक्षण” प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों के हिंदी ज्ञान, स्मरण क्षमता एवं शब्दावली का रोचक एवं ज्ञानवर्धक तरीके से परीक्षण किया गया।
दोनों प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों, विभागाध्यक्षों एवं अन्य अधिकारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए हिंदी के प्रति अपनी रुचि एवं प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। प्रतियोगिताओं के माध्यम से कार्यस्थल पर हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ कर्मचारियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं रचनात्मक वातावरण का भी निर्माण हुआ।
एनटीपीसी गाडरवारा में हिंदी पखवाड़ा के दौरान विभिन्न राजभाषा गतिविधियों, प्रतियोगिताओं, हिंदी कार्यशालाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित करना तथा राजभाषा हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग को और अधिक सुदृढ़ करना है।
एनटीपीसी गाडरवारा द्वारा राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हिंदी पखवाड़ा इसी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम का समग्र वातावरण उत्साह, सहभागिता, विविधता एवं हिंदी के प्रति सकारात्मक भावना से परिपूर्ण रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि विभिन्न प्रांतों, भाषाओं और संस्कृतियों से जुड़े होने के बावजूद हिंदी सभी को जोड़ने वाली एक सशक्त कड़ी के रूप में कार्य कर रही है।
एनटीपीसी गाडरवारा में हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत हिंदी अपील का वाचन एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
