सोनभद्र। राष्ट्रीय लोक दल के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष (कार्यकारी) अनुपम मिश्रा के आगमन पर रविवार को कार्यकर्ताओं ने मधुपुर और हिंदुआरी में जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सिंचाई डाक बंगले में उन्होंने किसान मसीहा भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। विजयगढ़ वाटिका में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनुपम मिश्रा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और किसान, मजदूर व आमजन के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोनभद्र में संगठन को मजबूत आधार देने तथा जिले से पार्टी का जनप्रतिनिधि निर्वाचित कराने के लिए जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोनभद्र के किसानों और आदिवासी समाज की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए पार्टी हरसंभव प्रयास करेगी। क्षेत्रीय अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने आपसी समन्वय के साथ संगठन विस्तार पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने जिले में संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। सम्मेलन का संचालन शांति वर्मा और प्रशांत विष्णु सिंह ने किया। संयोजक धीरज चौबे ने आभार जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा का मधुपुर व हिंदुआरी में जोरदार स्वागत
