नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 5 सितम्बर को शाम 7 बजे श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोहों में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
दिल्ली विश्वविद्यालय का श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स भारत के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में से एक और वाणिज्य, अर्थशास्त्र तथा प्रबंधन के क्षेत्र में शिक्षा का एक प्रतिष्ठित केन्द्र है। प्रख्यात उद्योगपति और जरूरतमंदों की सहायता करने वाले सर श्री राम ने 1926 में इस कॉलेज की स्थापना की। कॉलेज ने एक शताब्दी के दौरान विद्वानों, पेशेवरों, प्रशासकों, उद्यमियों, नीति-निर्माताओं और राष्ट्र-निर्माताओं की अनेक पीढ़ियां तैयार की हैं। शताब्दी समारोह शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित हो रहा है, जिससे यह अवसर विशेष रूप से महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि इस दिन राष्ट्र पीढ़ियों के निर्माण और समाज की नींव को मजबूत करने में शिक्षकों और शिक्षाविदों के योगदान का सम्मान करता है।
