मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले में तैयारियां जोरों पर

Spread the love

ओबरा विधानसभा क्षेत्र के चोपन में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

सोनभद्र। जनपद में  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासनिक मशीनरी से लेकर जनप्रतिनिधि तक कार्यक्रम को लेकर सक्रिय हो गए हैं। 15 नवंबर को होने वाले जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर ओबरा विधानसभा क्षेत्र के चोपन में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया।
  समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गौड़ के साथ जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक मिश्रा ने चोपन रेलवे खेल मैदान और रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। यह वही स्थान है जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संभावित कार्यक्रम प्रस्तावित है।
   निरीक्षण के दौरान मंत्री संजीव गौड़ ने कहा कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सोनभद्र आगमन हम सबके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जनजातीय समाज के गौरव और प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा। इस दौरान डीएम बद्रीनाथ सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को योजनाबद्ध और सकुशल ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। हेलीपैड, पार्किंग, मंच और सभा स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस, नगर पंचायत, बिजली विभाग और स्वास्थ्य विभाग सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *