प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मंडल द्वारा ट्रेनों के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेल प्रशासन द्वारा की जा रही नियमित निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई के परिणामस्वरूप 01 जनवरी 2026 से 31 अगस्त 2026 तक कुल 2528 व्यक्तियों को बिना उचित कारण अलार्म चेन पुलिंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। अलार्म चेन पुलिंग की सुविधा यात्रियों की सुरक्षा के लिए वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में प्रदान की जाती है। इसका अनावश्यक उपयोग ट्रेनों के संचालन में बाधा उत्पन्न करता है, जिससे ट्रेनों का समयपालन प्रभावित होता है और अन्य यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। अनावश्यक चेन पुलिंग से परिचालन व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
जनवरी 2026: 274 लोग गिरफ्तार, फरवरी 2026: 244 लोग गिरफ्तार, मार्च 2026: 341 लोग गिरफ्तार, अप्रैल 2026: 318 लोग गिरफ्तार, मई 2026: 386 लोग गिरफ्तार, जून 2026: 397 लोग गिरफ्तार, जुलाई 2026: 289 लोग गिरफ्तार, अगस्त 2026: 279 लोग गिरफ्तार।
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट- वार गिरफ्तारियाँ (01 जनवरी – 31 अगस्त, 2026):- कानपुर सेंट्रल: 392, टूंडला: 250, इटावा: 199, अलीगढ़: 191 , प्रयागराज जंक्शन: 182, फतेहपुर: 170, नैनी: 162, फफूंद: 139, मिर्जापुर: 136, प्रयागराज छिवकी: 95, मानिकपुर: 90, सूबेदारगंज: 85, शिकोहाबाद: 82, फ़िरोज़ाबाद: 64 , चुनार: 55, जीएमसी: 51, दादरी: 50, हाथरस: 48 , खुर्जा: 44 , पनकी धाम: 25, कानपुर अनवरगंज: 18
रेल प्रशासन द्वारा अनावश्यक चेन पुलिंग के मामलों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। अनावश्यक चेन पुलिंग रेलवे अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय है। प्रयागराज मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे अलार्म चेन का उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन स्थिति में ही करें। यात्रियों के सहयोग से ट्रेनों का सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जा सकता है। प्रयागराज मंडल यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
