UPPSC प्राविधिक शिक्षा परीक्षा-2025 के अभ्यर्थियों के लिए प्रयागराज मंडल ने की विशेष यात्री व्यवस्थाएं

Spread the love

वार रूम से की गई यात्री सुविधाओं एवं भीड़ प्रबंधन की सतत मॉनिटरिंग

 प्रयागराज ।  उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) सेवा परीक्षा-2025 के मद्देनजर अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए प्रयागराज मंडल द्वारा प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष यात्री व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज श्री रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में रेलवे प्रशासन द्वारा परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधा एवं सुचारु आवागमन के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त रेलवे कर्मचारियों की तैनाती कर अभ्यर्थियों एवं यात्रियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराई गई।

प्रयागराज मंडल द्वारा संचालित एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का विवरण निम्नाकित है :

1. कानपुर सेंट्रल-झांसी एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 18:20 बजे प्रस्थान किया । इस ट्रेन लगभग 500  यात्रियों ने यात्रा की ।

2. कानपुर सेंट्रल-फतेहपुर पैसेंजर को प्रयागराज जंक्शन  के लिए विस्तारित किया गया । इस ट्रेन लगभग 800  यात्रियों ने यात्रा की ।

प्रयागराज मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही एवं भीड़ की स्थिति की निरंतर निगरानी वार रूम से की गई। आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल दिशा-निर्देश जारी किए गए, जिससे स्टेशन परिसर, प्रवेश-निकास द्वार तथा प्लेटफॉर्म क्षेत्रों में यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र एवं यात्री सहायता व्यवस्था को सक्रिय रखा गया। भीड़ की स्थिति को देखते हुए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त टिकट काउंटर संचालित किए गए तथा यात्रियों को ट्रेनों, प्लेटफॉर्म और स्टेशन से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

रेल प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों से अपील की गई कि वे पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचें, रेलवे परिसर में अनुशासन बनाए रखें तथा स्टेशन पर तैनात रेल कर्मचारियों द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें।

परीक्षा अवधि के दौरान प्रयागराज मंडल द्वारा यात्री सुविधा, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन तथा भीड़ के प्रभावी प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *