अहरौरा, मिर्जापुर। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण भलदरिया क्षेत्र में अब सुरक्षा व्यवस्था को नया बल मिला है। शनिवार को यहां नव निर्मित पुलिस चौकी का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने फीता काटकर किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि भलदरिया में पुलिस चौकी की स्थापना से खास तौर पर पर्यटकों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। अब किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल और मजबूत होगा। उन्होंने यह भी बताया कि भलदरिया में पर्यटकों की लगातार बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यहां पुलिस की मौजूदगी जरूरी थी। चौकी शुरू होने से न सिर्फ अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों में भी भरोसा बढ़ेगा। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी शिखा भारती, निरीक्षक अजय सेठ,थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
