पुलिस ने संगठित चोरी गिरोह का किया खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार, 20 लाख का माल बरामद

Spread the love

अनपरा, सोनभद्र। अनपरा थाना पुलिस ने संगठित चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये कीमत का चोरी का मशीनरी सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर 18 जनवरी 2026 की शाम करीब 7:13 बजे पाइपलाइन छठ घाट, कहुआनाला के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अभियुक्तों में अविनाश कुमार पुत्र कन्हैयालाल निवासी सिनेमा रोड दुर्गा मंदिर थाना अनपरा उम्र करीब 19 वर्ष, अभिजीत पाण्डेय उर्फ किशन पुत्र मनोज पाण्डेय निवासी आदर्शनगर औड़ी थाना अनपरा उम्र करीब 19 वर्ष तथा मनीष यादव पुत्र लक्ष्मण यादव निवासी ग्राम बासी थाना शक्तिनगर उम्र करीब 20 वर्ष शामिल हैं। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों की निशानदेही पर भारी मात्रा में चोरी का मशीनरी और स्पेयर पार्ट्स बरामद किया गया, जिसमें हाइड्रोलिक आयल, इंजन आयल, ट्रांसमिशन आयल, इंजन आयल एडवांस, रियल एक्सल आयल, गियर आयल, जेसीबी एक्सल हब के अलावा फ्यूल फिल्टर, पम्प गियर, इंजेक्टर, हार्नेस, ब्रेक प्लेट, स्टेरिंग यूनिट, ग्रीस पम्प, वाटर सेपरेटर, विभिन्न प्रकार के फिल्टर, बेयरिंग किट, बुश, सील किट और अन्य इंजन पार्ट्स शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी रेनूसागर उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह के साथ हेड कांस्टेबल पंकज सिंह, रामाश्रय यादव, संजय कुमार राम तथा कांस्टेबल अजीत यादव और शशिभूषण की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *