दुद्धी (सोनभद्र)। पीडब्ल्यूडी द्वारा मुख्य सड़क से लेकर डिग्री कॉलेज होते हुए डीसीएफ कॉलोनी के रास्ते नगर पंचायत अध्यक्ष के मकान तक बनाई जा रही सड़क के निर्माण कार्य को स्थानीय नागरिकों ने रोक दिया है। यह सड़क बीते कई वर्षों से खराब पड़ी थी, जिसका मरम्मत कार्य हाल ही में शुरू किया गया था।
नगरवासी रितेश, चेतन श्रीवास्तव, गुलाब और प्रेम सहित अन्य स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क का निर्माण पूरी तरह से मानकविहीन और घटिया तरीके से किया जा रहा था। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा बिना सोलिंग (पत्थरों की आधार परत) डाले ही सड़क पर सीधे डामर डालकर उसे सिर्फ काला करने का काम किया जा रहा था।सड़क निर्माण में बरती जा रही इस अनियमितता को देखते हुए आक्रोशित जनता ने काम रुकवा दिया और इसकी सूचना संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को दी। नगरवासियों ने मांग की है कि सड़क का निर्माण तय मानकों के अनुरूप ही किया जाए, ताकि यह लंबे समय तक टिक सके।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एसके सिंह का कहना है कि.. जीआईसी रोड से लेकर सब्जी मंडी तक सड़क मरम्मत का कार्य होना है मरम्मत करने हेतु जितनी धनराशि विभाग को दी गई है उसी के अनुरूप कार्य किया जाएगा यह सड़क नवीनीकरण नहीं है।
घटिया सड़क निर्माण के खिलाफ नगरवासियों में फूटा गुस्सा, काम रुकवाया
