सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली अन्तर्गत मधुपुर फ्लाईओवर के समीप वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक और बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला और मासूम बच्चा गंभीर रूप् से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ही बाइक पर चार लोग सवार होकर जार रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। परही राबर्ट्सगंज निवासी सुभाष यादव उम्र 27 वर्ष तथा तेतरा देवी उम्र 70 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार एक महिला और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल महिला ने पुलिस को बताया कि काले रंग की एक बस ने उसकी बाइक में टक्कर मारी, जिसके बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले की जाॅच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा फरार वाहन की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई है।
सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत
