गांधी जयंती पर बच्चों ने रोल प्ले से दिया सत्य, अहिंसा और आत्म संयम का संदेश

Spread the love

म्योरपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सोनभद्र के आदेश एवं खंड शिक्षा अधिकारी म्योरपुर के निर्देश के क्रम में गुरुवार को 2 अक्टूबर के अवसर पर कम्पोजिट विद्यालय बभनडीहा में गांधी जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत कर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। शासन की मंशा के अनुरूप बच्चों ने महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित रोल प्ले का सुंदर प्रस्तुतिकरण किया। छोटे-छोटे बच्चों ने अभिनय के माध्यम से सत्य, अहिंसा एवं सदाचार का संदेश दिया। महात्मा गांधी के तीन बंदरों की संकल्पना को प्रस्तुत करते हुए बच्चों ने ‘बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो और बुरा मत बोलो’ का अभिनय किया। इसके माध्यम से बच्चों ने नैतिक जीवन, आत्म संयम और अच्छे आचरण का संदेश दिया।

इस अवसर पर सहायक अध्यापिका ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे के साथ बच्चों से चर्चा-परिचर्चा कर शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, देशसेवा और किसानों व जवानों के प्रति उनके योगदान की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के इको क्लब के सदस्यों ने किचेन गार्डेन की साफ-सफाई करते हुए श्रमदान किया। बच्चों ने विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के साथ ही समुदाय के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने ‘अपने सपनों का विकसित भारत कैसा हो’, बालिका शिक्षा और सुंदर सामाजिक व्यवस्था जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति, स्वच्छता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *