एनटीपीसी विंध्याचल ने स्वच्छता पखवाड़ा में जनभागीदारी से दिया स्वच्छता का संदेश

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा महात्मा गांधी के स्वच्छ एवं सतत भारत के सपने को साकार करने की दिशा में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का आयोजन 16 मई 2026 से 31 मई 2026 तक किया गया। जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रभावी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान की शुरुआत 16 मई 2026 को विंध्या क्लब से सर्वेश्वर मंदिर परिसर तक आयोजित स्वच्छता रैली एवं स्वच्छता शपथ समारोह से हुई, जिसमें कर्मचारियों, परिवारजनों, सीआईएसएफ कर्मियों एवं सहयोगियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर  संजीब कुमार साहा, परियोजना प्रमुख ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में स्वच्छता शपथ दिलाई।

इस अभियान के तहत कर्मचारियों, परिवारजनों, सीआईएसएफ कर्मियों, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधियों द्वारा संविदा हाउसकीपिंग कर्मचारियों के साथ मिलकर सर्वेश्वर मंदिर परिसर एवं स्टेशन के विभिन्न स्थलों पर श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता, हस्ताक्षर अभियान, स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

समुदाय तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से एनटीपीसी विंध्याचल ने अपने सीएसआर पहलों के अंतर्गत आर्मी एवं पुलिस प्रशिक्षण कार्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता रैली, प्रश्नोत्तरी और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। साथ ही जीवनी अस्पताल, ढोंटी एवं बैढ़न बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। ढोंटी गांव की 100 महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित कर उनके उचित उपयोग की जानकारी भी दी गई, जो एनटीपीसी विंध्याचल की सामुदायिक कल्याण, महिला स्वास्थ्य और समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *