रांची, । अखिल भारतीय कोल एग्जीक्यूटिव्स एसोसिएशन का वार्षिक स्थापना दिवस समारोह रांची के होटल ले-लैक में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में कोल इंडिया एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों के सेवारत और सेवानिवृत्त 100 से अधिक अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक नीलेंदु कुमार सिंह ने अपने संबोधन में अधिकारियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों के समाधान हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के हितों की रक्षा तथा सेवानिवृत्ति के बाद भी उनके बीच संवाद, सहयोग और सहभागिता बनाए रखने में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने एसोसिएशन के कार्यों की सराहना करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के विशिष्ट अतिथि भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के पूर्व अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक ए. के. सिंह ने अधिकारियों के बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है तथा इसके नियमित अभ्यास से स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीया जा सकता है। इस अवसर पर एआईएसीई के मुख्य प्रधान महासचिव पी. के. सिंह राठौर ने संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए सदस्यों से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने संगठन की एकता, पारस्परिक सहयोग और पेशेवर हितों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ ।
