एनटीपीसी फरक्का ने प्रेस मीट 2026 में विकास, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व की उपलब्धियां रखीं सामने

Spread the love

फरक्का, पश्चिम बंगाल |एनटीपीसी फरक्का द्वारा गीतांजलि सभागार में प्रेस मीट 2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुर्शिदाबाद, मालदा, साहिबगंज एवं गोड्डा जिलों के मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्टेशन के परिचालन प्रदर्शन, सतत विकास पहलों, सामुदायिक विकास कार्यक्रमों तथा भावी योजनाओं पर विस्तृत जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व एनटीपीसी फरक्का के कार्यकारी निदेशक  देबब्रत कर ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (ओ एंड एम)  राजशेखर पाला, महाप्रबंधक (ओ एंड एफएम)  अभाष  रंजन मोहंती, मानव संसाधन विभाग प्रमुख  आलोक कुमार रणबीर, विभिन्न विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

अपने संबोधन में  देबब्रत कर ने विश्वसनीय विद्युत उत्पादन सुनिश्चित करने के साथ-साथ परिचालन उत्कृष्टता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के उच्च मानकों के प्रति एनटीपीसी फरक्का की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान स्टेशन की उपलब्धियों, उत्पादन प्रदर्शन, प्लांट लोड फैक्टर (PLF) तथा परिचालन दक्षता को सुदृढ़ करने हेतु किए गए विभिन्न प्रयासों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान स्टेशन की उपलब्धियों एवं प्रदर्शन पर आधारित एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया, जिसमें प्रमुख परिचालन उपलब्धियाँ, तकनीकी नवाचार, सुरक्षा संबंधी कार्य, पर्यावरणीय पहल, सीएसआर गतिविधियाँ तथा स्टेशन को प्राप्त पुरस्कार एवं सम्मान शामिल थे। मीडिया प्रतिनिधियों को संसाधन संरक्षण, उत्सर्जन नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया गया।

अर्थव्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए एनटीपीसी फरक्का ने फ्लाई ऐश उपयोग के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों की जानकारी साझा की। स्टेशन द्वारा निरंतर 100 प्रतिशत से अधिक फ्लाई ऐश उपयोग सुनिश्चित किया गया है तथा विभिन्न उत्पादक गतिविधियों के माध्यम से इसके उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के अंतर्गत टाउनशिप में 210 किलोवाट क्षमता की रूफटॉप सौर परियोजना के सफल क्रियान्वयन तथा अतिरिक्त 247 किलोवाट क्षमता की रूफटॉप सौर परियोजना की प्रगति की जानकारी भी साझा की गई।

प्रबंधन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आधारभूत संरचना विकास, कौशल विकास एवं सामुदायिक कल्याण के क्षेत्रों में संचालित विभिन्न कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहलों की भी जानकारी दी गई। दिन के कार्यक्रम के अंतर्गत मीडिया प्रतिनिधियों ने गर्ल एम्पावरमेंट मिशन 2026 की प्रतिभागी बालिकाओं के साथ संवाद भी किया। इस अवसर पर उदिता लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा श्रीमती सौम्या कर, मानव संसाधन विभाग प्रमुख श्री आलोक कुमार रणबीर, उदिता लेडीज़ क्लब की उपाध्यक्षा श्रीमती त्रिवेणी पाला तथा उदिता लेडीज़ क्लब की वेलफेयर इंचार्ज श्रीमती परिमिता मोहंती उपस्थित थीं। इस संवाद के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों को बालिकाओं के आत्मविश्वास, आकांक्षाओं एवं व्यक्तित्व विकास पर इस पहल के सकारात्मक प्रभाव को निकट से जानने का अवसर प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का समापन एक संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें मीडिया प्रतिनिधियों ने स्टेशन संचालन, पर्यावरणीय स्थिरता एवं सामुदायिक विकास गतिविधियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ प्रबंधन के साथ विचार-विमर्श किया।

एनटीपीसी फरक्का ने विकास संबन्धित पहलों को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की निरंतर सहयोगात्मक भूमिका के लिए आभार व्यक्त किया तथा राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ क्षेत्र के सतत एवं समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसके उपरांत अनौपचारिक संवाद का आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *