स्वास्थ्य सुरक्षा का नया अध्याय: शिक्षकों के लिए कैशलेस इलाज योजना शुरू
चन्दौली। उत्तर प्रदेश शासन की जनकल्याणकारी प्राथमिकताओं के क्रम में जनपद स्तर पर ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेश चिकित्सा योजना’ के तहत उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं उनके परिवारों को लाभ के राज्यव्यापी शुभारम्भ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) कलेक्ट्रेट सभागार में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षक प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को लाइव स्क्रीन के माध्यम से सुना। सांकेतिक रूप से जनपद के उत्कृष्ट व वरिष्ठ शिक्षकों को मंच से कैशलेस हेल्थ कार्ड वितरित किए गए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पीडीडीयू नगर रमेश जायसवाल , कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई एवं अन्य जनप्रतिनिधि गण के साथ शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री द्वारा राज्य स्तर से योजना के औपचारिक वर्चुअल शुभारम्भ के उपरांत जनपद स्तर पर जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उपस्थित शिक्षकों को कैशलेस हेल्थ कार्ड/ई-कार्ड का वितरण करना रहा।
विधायक सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के गरिमामय जीवन और स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ शिक्षकों के उस योगदान का सम्मान है जो वे भावी पीढ़ियों के निर्माण में देते हैं। अब गंभीर से गंभीर बीमारियों के इलाज के समय शिक्षकों को आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जिलाधिकारी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य पारदर्शी और बाधारहित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। कलेक्ट्रेट व शिक्षा विभाग के माध्यम से जनपद के सभी परिषदीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों के शत-प्रतिशत पात्र शिक्षकों और उनके आश्रितों को शीघ्रता से इस योजना के अंतर्गत कार्ड/लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षकों का मनोबल और कार्यक्षमता बढ़ेगी। अब जनपद के सभी एम्पैनल्ड (सूचिबद्ध) निजी और सरकारी अस्पतालों में योजना के तहत निःशुल्क इलाज संभव होगा। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार एवं भारी संख्या में शिक्षक गण उपस्थित रहे।
