एनसीएल के ‘मेगा समर कैंप-आरोहण’ का हुआ समापन

Spread the love

 प्रतिभाओं का ‘आरोहण’: 13 विधाओं में निखरे 4700 से अधिक बच्चे

सोनभद्र, सिंगरौली।  बुधवार को सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा आयोजित “मेगा समर कैंप-आरोहण” का समापन हुआ। एनसीएल की सभी परियोजनाओं में कैंप स्थल पर समापन समारोह का आयोजन किया गया। समापन समारोह के दौरान परियोजनाओं में क्षेत्रीय महाप्रबंधक गण, श्रमिक संघ प्रतिनिधि, स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड मेंबर्स, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। एनसीएल मुख्यालय में आयोजित समारोह के दौरान महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण)  राजेश त्रिवेदी, मुख्यालय स्तरीय श्रमिक संघ प्रतिनिधि, स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड मेंबर्स एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी तथा स्थानीय जन उपस्थित रहे।

इस दौरान अपने उद्बोधन में  राजेश त्रिवेदी ने प्रतिभागी बच्चों को बधाई दी एवं कहा कि एनसीएल ने बच्चों में प्रतिभा का बीज बो दिया है और अब अभिभावकों का दायित्व है कि वे उनके इस हुनर को जिंदा रखें और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दें। साथ ही उन्होंने कहा कि हर बच्चे में एक अनूठी प्रतिभा होती है, जिसे बस सही मंच मिलने की देरी होती है, एनसीएल ने ‘आरोहण’ के रूप में बच्चों को वही मंच देने का एक छोटा सा प्रयास किया है। अंत में श्री त्रिवेदी ने आरोहण समर कैंप के प्रशिक्षकों को बच्चों को  प्रशिक्षण देने के लिए सादर धन्यवाद दिया तथा एनसीएल कल्याण विभाग की पूरी टीम की भी सराहना की, जिनके अथक प्रयासों और कुशल प्रबंधन से  ‘आरोहण 2026’ का यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकने वाले “आरोहण” प्रतिभागियों का हुआ सम्मान

समापन समारोह के दौरान राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में विजेता खिताब हासिल कर चुके ‘आरोहण’ के विभिन्न संस्करणों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा उपस्थित बच्चों ने कैंप के दौरान सीखे गए विभिन्न खेलों और सांस्कृतिक विधाओं का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

इस वर्ष 21 मई से शुरू हुए इस  ग्रीष्मकालीन शिविर में 6 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के 4718  बच्चों ने भाग लिया। कैंप के दौरान योग्य और अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में बच्चों को कुल 13 अलग-अलग विधाओं में पारंगत किया गया। शिविर के आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक जुड़ाव एथलेटिक्स में देखा गया जहां 1323 बच्चों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा फुटबॉल में 632, डांस और म्यूजिक में 623, बैडमिंटन में 497, कबड्डी में 235, स्विमिंग में 234, आर्ट्स एंड क्राफ्ट में 219, वॉलीबॉल में 173, स्केटिंग में 114, जूडो-कराटे में 122, क्रिकेट में 515, टेबल–टेनिस में 20 और बास्केटबॉल में 11 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। ‘आरोहण’ समर कैंप के समापन समारोह के दौरान उपस्थित सभी ने स्वच्छता शपथ ली एवं अपने आस-पास के परिसर को साफ सुथरा रखने, कचरा कूड़ेदान में डालने और एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग न करने का संकल्प लिया।

गौरतलब है कि एनसीएल द्वारा साल 2018 से लगातार हर वर्ष “आरोहण” समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेलों और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति गहरी रुचि पैदा करना है। इसके साथ ही आज के डिजिटल दौर में बच्चों को मोबाइल और ऑनलाइन गेम्स की आभासी दुनिया से बाहर निकालकर शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना की सीख भी देना है। शिविर के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए उनके लिए पौष्टिक आहार और जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। एनसीएल का यह सार्थक प्रयास सिंगरौली क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा तराशने और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *