एनसीएल ने “पब्लिक प्रोक्योरमेंट” विषय पर आयोजित की एक दिवसीय कार्यशाला

Spread the love

एनसीएल के सतर्कता विभाग के तत्वावधान में आयोजित हुआ कार्यक्रम

सोनभद्र, सिंगरौली।  गुरुवार को कोल इंडिया लिमिटेड की सिंगरौली स्थित प्रमुख अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तत्वावधान में ‘पब्लिक प्रोक्योरमेंट’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में  मुदित आनंद, (आईआरएसएसई), वरिष्ठ प्रोफेसर, इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट एवं पूर्व तकनीकी परीक्षक, केंद्रीय सतर्कता आयोग ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में सार्वजनिक खरीद से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित अनुभव साझा किए।
उन्होंने सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में सतर्कता की भूमिका, प्रक्रियागत स्पष्टता, पारदर्शिता तथा प्रभावी निर्णयन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने सामान्य वित्तीय नियम (जीएफआर), खरीद नीति एवं इसकी प्रशासनिक रूपरेखा, नियमावलियों का अनुपालन, निविदा आमंत्रण सूचना (एनआईटी), निविदा प्रक्रिया एवं निविदा निस्तारण, हितों का टकराव व पब्लिक प्रोक्योरमेंट में बरती जाने वाली मुख्य सावधानियां, जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी।

कार्यशाला में एनसीएल के सीएमडी  एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन)  मनीष कुमार, निदेशक (तकनीकी), आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी, अजय कुमार जायसवाल, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष तथा विभिन्न परियोजना एवं विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
सीएमडी एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने अपने सम्बोधन में कार्यशाला को ज्ञानवर्धक बताया। उन्होंने सरल और सटीक तरीके से विषय समझाने के लिए अतिथि वक्ता मुदित आनंद के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस उत्कृष्ट कार्यशाला के आयोजन के लिए सतर्कता विभाग को बधाई दी। साथ ही कहा कि ऐसे कार्यक्रम संगठन में पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता पर बल देते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों से एनआईटी सहित पूरी खरीदी  प्रक्रिया में अत्यधिक सावधानी बरतने का आह्वान किया।  
इससे पूर्व कार्यशाला के आरम्भ में मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का स्वागत किया और ‘सतर्कता जागरूकता कैम्पैन’ के तहत आयोजित इस कार्यशाला के उद्देश्य व महत्व को रेखांकित किया।   
सतर्कता विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य सार्वजनिक खरीद से संबंधित प्रक्रियाओं में नियमों के अनुपालन के साथ-साथ पारदर्शिता, दक्षता, निष्पक्षता और सर्वोत्तम प्रथाओं को बढ़ावा देना तथा खरीद प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों को व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराना था।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने सार्वजनिक खरीद से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और व्यावहारिक अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री कमलेश बनसोड द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *