धनबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कोयला भवन मुख्यालय, बीसीसीएल में जारी सात दिवसीय योग कैंप के चौथे दिन भी आज अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ योग के विभिन्न सत्रों में अपनी सहभागिता की तथा योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक डी.के. पासवान के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं विश्राम संबंधी अभ्यास किए। इस दौरान योग की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की गई, तथा बताया गया कि योग के नियमित अभ्यास से शरीर का लचीलापन बढ़ता है, श्वसन प्रणाली बेहतर होती है, तनाव एवं थकान में राहत मिलती है एवं मानसिक शांति की प्राप्ति होती है। प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में संतुलन बनाए रखने हेतु प्रेरित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ सभी अभ्यासों में सक्रिय भागीदारी की। इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) कुमार मनोज, महाप्रबंधक (सिक्यूरिटी) हफिजुल कुरैशी, महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी) सुधाकर प्रसाद, विभागाध्यक्ष (औद्योगिक संबंध/सीएसआर), विभागाध्यक्ष (विधि) डॉ. कुमार शरत सिन्हा, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के आयोजन की पूर्व तैयारी के तहत आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार देशभर के सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (पीएसयू) एवं विभिन्न सरकारी विभागों में योग कैंप एवं वेलनेस सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए कॉमन योग प्रोटोकॉल के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का समापन आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह के साथ किया जाएगा।
