धनबाद। कोयला भवन मुख्यालय में आज बीसीसीएल एवं टाटा स्टील के बीच बीसीसीएल-टीएसएल संयुक्त वॉशरी (संयुक्त उपक्रम) के प्रदर्शन को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पारस्परिक हितों से जुड़े अन्य संभावित साझेदारी के क्षेत्रों पर चर्चा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सीएमडी बीसीसीएल मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, महाप्रबंधक (वॉशरी) एम. सोहैल इकबाल, महाप्रबंधक (मार्केटिंग एंड सेल्स) हितेश वर्मा, वरीय प्रबंधक (मार्केटिंग एंड सेल्स) एन. के. विरमानी सहित संबंधित विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। टाटा स्टील की ओर से वाइस प्रेसिडेंट, टीएसएल श्री संदीप कुमार, महाप्रबंधक (कोयला) संजय राजोरिया तथा कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।
बैठक के दौरान बीसीसीएल-टाटा स्टील संयुक्त वॉशरी के संचालन, प्रदर्शन में निरंतर सुधार एवं वृद्धि, परिचालन दक्षता बढ़ाने, उत्पादन एवं गुणवत्ता से संबंधित विभिन्न पहलुओं, संसाधनों के बेहतर उपयोग, बेहतर समन्वय तथा दोनों संगठनों के पारस्परिक हितों से जुड़े अन्य संभावित सहयोगात्मक क्षेत्रों पर विस्तृत एवं सार्थक विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त, भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संयुक्त रूप से कार्य करने की संभावनाओं एवं साझेदारी के विभिन्न आयामों पर भी चर्चा हुई।
अपने संबोधन में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल और टाटा स्टील के बीच स्थापित साझेदारी पारस्परिक विश्वास, सहयोग एवं साझा उद्देश्यों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि परिचालन उत्कृष्टता, संसाधनों के सर्वोत्तम उपयोग, नवाचार तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली के माध्यम से संयुक्त वॉशरी के प्रदर्शन में निरंतर सुधार लाते हुए बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थान पारस्परिक सहयोग एवं साझा प्रतिबद्धता के साथ भविष्य में भी औद्योगिक विकास एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की दिशा में मिलकर कार्य करते रहेंगे। बैठक के समापन पर दोनों पक्षों ने संयुक्त उपक्रम के बेहतर संचालन एवं दीर्घकालिक सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, भविष्य में भी नियमित संवाद एवं समन्वय के माध्यम से साझा उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने पर सहमति व्यक्त की गई।
