भुवनेश्वर एवं उत्तराखंड से आए मीडिया प्रतिनिधियों ने किया एसईसीएल का दौरा

Spread the love

खनन कार्यों, ऊर्जा सुरक्षा एवं सतत विकास पहलों की ली प्रत्यक्ष जानकारी

विलासपुर। भुवनेश्वर एवं उत्तराखंड से आए पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के एक दल ने साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का दौरा कर कंपनी के खनन कार्यों, देश की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान तथा सतत एवं जिम्मेदार खनन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की प्रत्यक्ष जानकारी ली। यह मीडिया दौरा भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रायपुर, भुवनेश्वर एवं उत्तराखंड के सहयोग से आयोजित किया गया।

एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को एसईसीएल के परिचालन एवं देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में कंपनी की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, खान सुरक्षा, तकनीकी नवाचार, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर), समुदाय एवं कर्मचारी कल्याण, विविधीकरण तथा महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। संवाद कार्यक्रम में श्री बिरंची दास, निदेशक (मानव संसाधन); रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी–संचालन); तथा नृपेंद्र नाथ, निदेशक (तकनीकी– योजना एवं परियोजना), अति. प्र., एसईसीएल सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एसईसीएल प्रबंधन ने दोहराया कि कंपनी देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है तथा इसके साथ ही समुदायों के कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी पूरी गंभीरता से निर्वहन कर रही है। मीडिया प्रतिनिधियों को सुरक्षित, तकनीक-सक्षम एवं सतत खनन की दिशा में एसईसीएल द्वारा किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया गया।

इससे पूर्व मीडिया दल ने गेवरा क्षेत्र का मैदानी दौरा किया। एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान के रूप में गेवरा में दल ने खनन कार्यों को प्रत्यक्ष देखा और कोयला उत्खनन एवं उससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। दल ने खनन क्षेत्र में पर्यावरण एवं सतत विकास से जुड़ी पहलों, जिसमें मियावाकी पौधरोपण पहल भी शामिल है, का अवलोकन किया। दौरे के समापन पर प्रश्नोत्तर एवं अनुभव साझा करने का सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मीडिया प्रतिनिधियों ने एसईसीएल अधिकारियों के साथ खनन, ऊर्जा सुरक्षा, सुरक्षा, तकनीक, पर्यावरण एवं सामुदायिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *