सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से विकास खंड परिसर, म्योरपुर में दिव्यांगजनों हेतु निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से पूर्व चिन्हित 57 दिव्यांग लाभार्थियों को 112 सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिससे उनके जीवन को अधिक सुगम, आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। कार्यक्रम में मान सिंह गौड़, ब्लॉक प्रमुख, म्योरपुर, दिनेश मिश्रा, खंड विकास अधिकारी, म्योरपुर, डॉ. ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन – राजभाषा), एनटीपीसी सिंगरौली तथा कुमार आदर्श, सीएसआर अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य की कामना की।
शिविर में वितरित उपकरणों में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, दृष्टिबाधितों हेतु विशेष छड़ी, श्रवण यंत्र, वॉकर, चेयर-कमोड, सिलिकॉन फोम तकिया सहित विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण शामिल थे। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों की गतिशीलता बढ़ेगी तथा उनके दैनिक जीवन और आजीविका संबंधी गतिविधियों में सुविधा प्राप्त होगी। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्वपूर्ण भाग है। उन्होंने एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं दिव्यांगजन कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे बहुआयामी प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों एवं उनके परिजनों ने एनटीपीसी सिंगरौली के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त सहायक उपकरण उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ आत्मविश्वास एवं स्वावलंबन को भी बढ़ावा देंगे। कार्यक्रम का सफल संयोजन नीरज यादव, विपणन अधिकारी, एलिम्को द्वारा किया गया। यह पहल दिव्यांगजन सशक्तिकरण, समावेशी विकास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति एनटीपीसी सिंगरौली की सतत प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
