टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा खुरजा सुपर थर्मल पावर परियोजना में “मिशन शक्ति-2026” का शुभारंभ

Spread the love

बालिकाओं के समग्र सशक्तिकरण हेतु 25 दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन

खुर्जा। टीएचडीसी इंडिया लिमिचेड द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत खुरजा उच्च तापीय विद्युत परियोजना में “मिशन शक्ति-2026” कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। यह 25 दिवसीय गैर-आवासीय कार्यशाला आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की 30 वंचित बालिकाओं के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का आयोजन 21 मई 2026 से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। इसका उद्देश्य बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास निर्माण एवं सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, सिपन कुमार गर्ग के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रारंभ किया गया है, जो खुरजा क्षेत्र की बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं सशक्तिकरण के प्रति टीएचडीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यकारी निदेशक (परियोजना)  कुमार शरद, परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक  बिनोद कुमार साहू, महाप्रबंधक (सामाजिक एवं पर्यावरण) हर्ष कुमार जिंदल तथा महाप्रबंधक (वित्त)  संदीप भटनागर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मंजरी लेडीज़ क्लब की श्रीमती बिनीता शरद एवं श्रीमती रीता साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

उद्घाटन समारोह के दौरान सभी चयनित बालिकाओं को प्रशिक्षण अवधि एवं दैनिक उपयोग हेतु आवश्यक सामग्री से युक्त विशेष किट वितरित किए गए, जिनमें ट्रॉली बैग, स्कूल बैग, ट्रैक सूट, स्पोर्ट्स वियर, स्टेशनरी सामग्री, योगा सामग्री, पानी की बोतलें सहित अन्य आवश्यक वस्तुएँ शामिल थीं।

कार्यशाला के अंतर्गत बालिकाओं को व्यक्तित्व विकास, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, संचार कौशल, आत्मविश्वास निर्माण, कला एवं शिल्प, शारीरिक शिक्षा तथा बुनियादी शैक्षणिक शिक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह कार्यक्रम केवल प्रशिक्षण तक सीमित न होकर बालिकाओं के भीतर आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।इस अवसर पर परियोजना प्रमुख  बिनोद कुमार साहू ने छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाओं का सशक्तिकरण ही समाज एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है तथा टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड सदैव सामाजिक विकास एवं महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक  मुकुल शर्मा, उप महाप्रबंधक विजय कुमार बिष्ट सहित टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारीगण, मंजरी लेडीज़ क्लब की सदस्याएँ, छात्राएँ एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। “मिशन शक्ति-2026” ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं के आत्मविश्वास, शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास को नई दिशा प्रदान करने वाला एक प्रेरणादायी प्रयास सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *