विंढमगंज/सोनभद्र । विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार के चरक पथली टोला में 15 जनवरी की रात हुई ललिता देवी की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। शनिवार की शाम मृतका के पति अमरेश पनिका ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी पत्नी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रविवार को पड़ोस में रहने वाले युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।अमरेश पनिका के अनुसार वह काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। घर पर पत्नी ललिता देवी अपने तीन बच्चों के साथ मौजूद थी। शुक्रवार की सुबह ललिता का शव घर के पास एक पेड़ से फंदे के सहारे लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलने पर अमरेश घर पहुंचा और अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गया।इसी दौरान अमरेश के बड़े बेटे अमित कुमार (8 वर्ष) ने पिता को घटना की रात की पूरी जानकारी दी। अमित ने बताया कि गुरुवार की रात पड़ोस में रहने वाले खरभूलन शर्मा घर आए थे। वह पहले भी घर आते-जाते रहते थे। उस रात ललिता देवी ने उनके लिए खाना बनाया। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि खरभूलन ने गाली-गलौज करते हुए बेल्ट से ललिता की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे घर से बाहर ले गया। मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण ललिता की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ पर फंदा बनाकर शव को लटका दिया और फरार हो गया।
अमरेश ने बताया कि डर के कारण तीनों बच्चे पूरी रात घर से बाहर नहीं निकले। सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। विंढमगंज थाना प्रभारी शेषनारायण पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
