हिंडाल्को रेणुकूट में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस
रेनुकूट/ हिंडाल्को रेणुकूट द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुई, जिसमें सभी उपस्थितजनों ने प्रकृति की रक्षा, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा प्रदूषण नियंत्रण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। इसके पश्चात “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत संयंत्र परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक रूप से भी लोगों को वृक्षों के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का आयोजन RO- ZLD प्लांट में किया गया।

इस अवसर पर हिंडाल्को रेणुकूट के मुखिया समीर नायक ने अपने संबोधन में कहा कि “प्रकृति संरक्षण ही मानव जीवन का आधार है। पृथ्वी को सुरक्षित और हरित बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं।”
वहीं, क्लस्टर हेड (एचआर) जसबीर सिंह ने कहा कि “पेड़-पौधे सिर्फ हरियाली नहीं बढ़ाते, बल्कि हमारे जीवन का वास्तविक आधार हैं। शुद्ध वायु और बेहतर स्वास्थ्य के लिए पेड़ों का होना अत्यंत आवश्यक है। सभी लोगों को अपने घरों के आसपास कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।” कार्यक्रम के दौरान रिडक्शन प्लांट हेड जयेश पवार, पर्यावरण विभाग प्रमुख सत्यजीत आचार्य एवं उनकी टीम, एचआर हेड अजय सिन्हा सहित सभी विभागाध्यक्ष एवं मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
