बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया
बरगवां, सिंगरौली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हिंडालको – महान एल्युमीनियम द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे परिसर में पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता और जागरूकता का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में वृक्षारोपण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता अभियान तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण अभियान से हुई, जिसमें इकाई के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पर्यावरण विभाग की टीम ने पौधरोपण कर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराया और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महान एल्युमीनियम के कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक के माध्यम से बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन तथा पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने इस प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया।
इसके अलावा पर्यावरण जागरूकता रैली, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, निबंध लेखन एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जैव विविधता के संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा सतत विकास के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में इकाई प्रमुख लीनू पंचमन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी और प्राकृतिक संसाधन हमारी आने वाली पीढ़ियों की धरोहर हैं, जिनकी सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कर्मचारियों एवं स्थानीय समुदाय से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण को अपनाने तथा पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंडालको – महान एल्युमीनियम सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी इस दिशा में अपनी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम में स्मेल्टर हेड एस.शशि कुमार, ललित पाल, मनोज तिवारी,प्रांची,सूर्यकांत,गौरव वर्मा,संजय सिंह, गौरव चतुर्वेदी, सुदीप्त नायक, रोहित, प्रणव सोनी, एस. पी. सिंह, के. पी. शर्मा, रमेश मोबालिया सहित पर्यावरण विभाग की पूरी टीम तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी,अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने हरित, स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
